जिले में स्थित अंग्रेजी, देशी, बीयर की शराब की दुकानों के अलावा सभी मॉडल शॉप सील किए जा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से लगातार शिकायतें मिल रहीं थीं कि दुकान संचालक रात को खामोशी से शराब-बीयर निकाल ले रहे थे और मुंहमांगी कीमतों पर बेच रहे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग ने सभी दुकानों को सील करने का निर्णय लिया।
जिला आबकारी अधिकारी के निर्देश पर आबकारी निरीक्षकों ने रविवार को अपनी मौजूदगी में दुकानों को सील करने की कार्रवाई शुरू की। पहले दिन करीब 100 दुकानें, मॉडल शॉप सील किए गए। मंगलवार तक सभी दुकानें-मॉडल शॉप सील कर दिए जाएंगे।
आबकारी निरीक्षक राकेश त्रिपाठी ने बताया कि लॉकडाउन खत्म होने के बाद विभाग के निर्देश पर आबकारी निरीक्षकों की मौजूदगी में ही संचालक दुकान या मॉडल शॉप का शटर खोल सकेंगे। इस दौरान कहीं पर भी अगर सील टूटी मिली तो संबंधित पर एफआईआर कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित का लाइसेंस भी निरस्त किया जा सकता है।