महिलाओं की सुविधा के लिए गोलघर क्षेत्र में मोबाइल पिंक टॉयलेट लगाया जाएगा। गोलघर क्षेत्र में काफी संख्या में महिलाओं के आवागमन को देखते हुए नगर निगम प्रशासन ने यह निर्णय लिया है।
सार्वजनिक शौचालय, रैनबसेरों के संचालन एवं स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत केंद्र सरकार ने टूलकिट में संशोधन किया है। इस संशोधन एवं सिटीजन वॉयस के संबंध में बुधवार को नगर आयुक्त अविनाश सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान सार्वजनिक शौचालय संचालकों को निर्देशित किया गया कि जिन सार्वजनिक शौचालयों का महिलाएं और बालिकाएं ज्यादा इस्तेमाल करती हैं, उनमें सेनेटरी नैपकिन मशीन एवं इनसिनेटर मशीन लगाएं। जिन शौचालयों में संचालक, परिवार के साथ रहते हैं और दुकान खोले हुए हैं, उन्हें तत्काल खाली कराएं। रैनबसेरा संचालक रैनबसेरों की एक दीवाल पर ‘नेकी की दीवाल’ के नाम से पेंटिंग कराएं और जरूरतमंदों को सुविधा उपलब्ध कराएं।
नगर आयुक्त ने कहा कि सार्वजनिक शौचालयों का औचक निरीक्षण किया जाएगा और किसी भी तरह की कमियां पाए जाने पर संचालक को कार्य से हटा दिया जाएगा। बैठक में अपर नगर आयुक्त, उप नगर आयुक्त, मुख्य अभियंता, जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक, रैनबसेरों तथा सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों के संचालक मौजूद रहे।
शौचालय और रैनबसेरा संचालकों को दी गई वर्दी
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने शौचालय एवं रैनबसेरा संचालकों को वर्दी दी। साथ ही निर्देशित किया कि इस वर्दी को पहनकर ही कार्य करें। शौचालय की तीन शिफ्टों में सफाई कराने का भी निर्देश दिया। साथ ही शौचालयों में लोगों की सुविधा के लिए हैंडवाश, साफ एवं स्वच्छ तौलिया, नैपकीन पेपर, सेनेटरी वेडिंग मशीन, डस्टबिन, पानी आदि की व्यवस्था कराने को भी कहा।