गोरखपुर। आईआईटी खड़गपुर में तकनीकी प्रतियोगिता ‘क्षितिज’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के ‘लॉज ऑफ मोशन’ इवेंट में मदन मोहन मालवीय प्राैद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) के छात्रों ने परचम लहराया है। विश्वविद्यालय की चार टीमों ने क्रमश: 6वीं, 11वीं, 17वीं और 23वीं रैंक हासिल करते हुए 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि जीती।
एमएमएमयूटी की टीम स्टारफ्लीट ने 148 टीमों के बीच छठा स्थान हासिल किया। तकनीकी उप परिषद के छात्र अध्यक्ष एवं एयरो मॉडलिंग क्लब के प्रमुख अमन कुमार सिंह, डिजाइनर अभिषेक तिवारी व तकनीकी प्रमुख अंकित शुक्ल की देखरेख में प्रतिभाग कर रही चारों टीमों ने यह उपलब्धि अर्जित की। इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. जेपी सैनी, छात्र क्रियाकलाप परिषद के अध्यक्ष प्रो. बीके पांडेय, डॉ. बीके शर्मा, डॉ. पल्लव गुप्ता आदि ने बधाई दी।