गोरखपुर में अभ्युदय कोचिंग के विद्यार्थियों को एमएमएमयूटी (मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय) निशुल्क ई-पुस्तकें उपलब्ध कराएगा। इसके लिए विश्वविद्यालय ने डिजिटल लाइब्रेेरी ‘ज्ञान सिंधु’ तैयार करा ली है। लाइब्रेरी में एक लाख से ज्यादा पुस्तकों, जर्नल्स और शोधपत्रों को अपलोड किया जा चुका है। इसका लोकार्पण जल्द ही मुुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराने की तैयारी है।
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के लाभार्थियों को ई-बुक्स की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए विश्वविद्यालय लाइब्रेरी की लॉगिन व पासवर्ड उपलब्ध कराएगा। मांग के अनुसार और पुस्तकों को भी विश्वविद्यालय अपलोड कराएगा। गणित, भौतिकी, और रसायन विज्ञान की अंतरराष्ट्रीय स्तर की पुस्तकें विद्यार्थी ई-लाइब्रेरी में पढ़ सकेंगे।
वीडियो लेक्चर भी होगा उपलब्ध
विश्वविद्यालय के लाइब्रेरियन देवेंद्र मणि पांडेय के मुताबिक इस लाइब्रेरी के माध्यम से शिक्षकों के वीडियो लेक्चर भी विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जाएंगे, जिसे वे जब चाहे सुन सकेंगे। ई-लाइब्रेरी की सुविधा के लिए विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को भी केंद्रीय लाइब्रेरी की ओर से लॉगिन और पासवर्ड उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।