गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एमएलसी चुनाव के लिए नामांकन की अवधि बृहस्पतिवार को समाप्त हो गई। विभिन्न जिलों के 27 लोगों ने नामांकन किया है। अंतिम दिन सात नए लोग पर्चा दाखिल करने पहुंचे।
नामांकन के अंतिम दिन कमिश्नर कोर्ट के बाहर काफी चहल-पहल रही। सात नए लोगों सहित कुल 12 लोग नामांकन पत्र दाखिल करने पहुंचे। भाजपा व सपा प्रत्याशियों ने तीन-तीन सेट में पर्चा दाखिल किया। निर्दल प्रत्याशी अवंतिका मिश्रा ने चार सेट में पर्चा दाखिल किया। भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह सहित पांच दावेदारों ने अंतिम दिन भी नामांकन पर्चा भरा। ये दावेदार पहले भी नामांकन कर चुके हैं।
13 जनवरी को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 16 जनवरी को नाम वापस लिए जा सकते हैं। 30 जनवरी को 17 जिलों के 321 बूथों पर मतदान होगा। कुल दो लाख 48 हजार मतदाता हैं। इनमें सर्वाधिक गोरखपुर जिले में हैं। मतदान की तैयारियां भी चल रही हैं।
इस चुनाव में बैलेट पेपर से मतदान कराया जाएगा, मुहर का प्रयोग नहीं होगा। मतदाताओं को पेन से वरीयता देनी होगी। इस दौरान रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ)/कमिश्नर रवि कुमार एनजी, एआरओ एके सैनी व सहायक निर्वाचन अधिकारी जेएन मौर्य नामांकन के दौरान मौजूद रहे।