गोरखपुर। राप्ती नदी में नहाने के दौरान डूबने वाले तुर्कमानपुर निवासी निक्कू, इरफान और शक्ति के परिवार को सोमवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। विगत बुधवार को नहाते समय तीनों की डूबने से मौत हो गई थी।
सोमवार को ग्रामीण विधायक विपिन सिंह ने एडीएम वित्त व राजस्व जयप्रकाश के साथ तुर्कमानपुर स्थित मृतकों के आवास पर जाकर शोक संतप्त परिजन से मुलाकात कर उन्हें मुख्यमंत्री राहत कोष से स्वीकृत चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता राशि के चेक दिए।
विधायक विपिन सिंह ने कहा कि इस दुख की घड़ी में प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं प्रत्येक पीड़ित के प्रति संवेदनशील हैं और तत्काल सहायता उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में है। इस अवसर पर एडीएम वित्त जयप्रकाश, पूर्व पार्षद संजय श्रीवास्तव, अवधेश अग्रहरि (पार्षद), विशाल गुप्ता (मंडल अध्यक्ष), वैभव अग्रहरि, अरुण गुप्ता, राजीव शुक्ला, प्रयाग दत्त ओझा, विजय प्रपात यादव, मितेश यादव, अभिषेक अग्रवाल, अजय साहनी आदि मौजूद रहे।