नगर विधायक डॉ. आरएमडी अग्रवाल।(file)
- फोटो : अमर उजाला
शहर में शिवपुर सहबाजगंज और व्यास नगर में बने आवासों, सड़क और जलापूर्ति की खराब स्थिति का मामला विधानसभा में उठा है। नगर विधायक डॉ राधा मोहन दास अग्रवाल ने वहां की समस्याओं को उठाते हुए डूडा और कार्यदायी संस्थाओं पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया तथा जांच कराकर दोषी अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने इस मामले में सरकार से जवाब देने को कहा है।
नगर विधायक की तरफ से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि नगर विकास विभाग ने वर्ष 2009-11 के बीच डूडा गोरखपुर को गरीबों के 433 आवास और उनके सेप्टिक टैंक, 38.60 किमी सड़क, 68.09 किमी स्टार्म वाटर ड्रेन, 3-3 ओवरहेड टैंक, ट्यूबवेल, पम्पहाऊस, राईजिंग मेन, पंचिंग प्लान्ट आदि बनाने के लिए 11 करोड़ 4 लाख रुपये दिए थे।
नगर विधायक ने बताया कि जब उन्होंने नौ दिसंबर 2019 को वर्त्तमान परियोजना अधिकारी डूडा के साथ स्थलीय निरीक्षण किया तो पता चला कि शिवपुर सहबाजगंज के सभी 178 मकान पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं और रहने योग्य नहीं है। सीसी रोड और स्टार्म वाटर ड्रेन का कोई अता-पता नहीं है। पानी की दो टंकियां तो बनाई गई हैं लेकिन उनमें कभी पानी नहीं भरा गया। ट्यूबवेल खराब हो चुके हैं। पंप हाऊस, राईजिंग मेन तथा घरों में जलापूर्ति के लिए पाईप लाईन भी कभी नहीं बिछाई गई। यही नहीं 433 की जगह सिर्फ 320 सेप्टिक टैंक बनाए गए।