निरीक्षण करने पहुंचे नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने पार्क के निर्माण में खराब गुणवत्ता देखकर काम रुकवा दिया।
- फोटो : अमर उजाला
भगवानपुर वार्ड के विकासनगर विस्तार आवास विकास कालोनी का निरीक्षण करने पहुंचे नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने पार्क के निर्माण में खराब गुणवत्ता देखकर काम रुकवा दिया। विकासनगर विस्तार आवास विकास कॉलोनी में चार करोड़ की लागत से पार्क और करीब 1.5 किमी सड़कों तथा नाली को दुरुस्त करने का काम स्वीकृत हुआ है।
आवास विकास परिषद ने विगत एक सप्ताह से काम शुरू किया है। भाजपा के मंडल अध्यक्ष सतसुकृत व मंडल उपाध्यक्ष गणेश जायसवाल ने निर्माण में गुणवत्ता खराब होने की सूचना नगर विधायक को दी थी। उसके बाद नगर विधायक ने डीएम को सूचना दी और मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि पार्क के निर्माण में घटिया ईंटों का इस्तेमाल हो रहा था। मसाले की भी गुणवत्ता ठीक नहीं थी। कहीं भी पिलर नहीं बनाए गए थे और दीवार की नींव तक नहीं डाली गई थी।
अवर अभियंता रजनीश श्रीवास्तव से इस पर कड़ी आपत्ति जताई और तीन दिनों के अंदर अच्छी ईंट और मसाले का इस्तेमाल कर पार्क बनवाने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष सतसुकृत उपाध्यक्ष, गणेश ओझा, अजय कुमार ओझा, महामंत्री विनय राय, मंत्री रतन शाही तथा नितीन सोनकर, आशुतोष पांडेय, रामप्रवेश निषाद, उपेंद्र राय आदि मौजूद रहे।