उत्तर प्रदेश कुशीनगर जिले के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव हरपुर सुक्खड़ टोला अटकहवा से ढाई माह पहले गायब सगी बहनें गोरखपुर के प्रतीक्षा नारी निकेतन में मिली हैं। अहिरौली पुलिस ने दोनों बेटियों को उनके घर पहुंचा दिया है। दोनों बेटियों को सकुशल पाकर घर वाले बेहद खुश हैं।
बीते सात मार्च को मुजहना नहर पर बकरी चराने गईं रामानंद प्रसाद की पुत्रियां खुशी (12) और गुड़िया (7) अचानक गायब हो गई थीं। काफी तलाश के बाद भी बेटियों का पता नहीं लगा तो रामानंद ने पुलिस को सूचना दी थी।
इस मामले में 20 मार्च को गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने छानबीन शुरू की। पुलिस को खबर मिली कि गायब लड़कियां गोरखपुर के नारी निकेतन में हैं। एसआई राजकुमार वर्मा व कांस्टेबल गीतांजलि यादव ने वहां पहुंचकर विधिक कार्रवाई करते हुए दोनों लड़कियों को अपनी अभिरक्षा में लेकर घर तक पहुंचाया।
काउंसलिंग के दौरान बेटियों ने बताया कि बकरी चराने के दौरान एक बकरी गायब हो गई थी। मार खाने के डर से दोनों बालिकाएं अपने ननिहाल गांव बरौली थाना श्यामदेउरवा जिला महराजगंज के लिए नहर पकड़ कर पैदल ही निकल पड़ीं लेकिन रास्ता भटक गईं।
बालिकाओं को रास्ते में एक पुलिस कर्मी मिला जिसने महिला कांस्टेबल के साथ उन्हें चाइल्ड लाइन गोरखपुर पहुंचा दिया। चाइल्ड लाइन से प्रतीक्षा नारी निकेतन गोरखपुर भेज दिया गया।