गोरखपुर जिले के चिलुआताल इलाके के बंजरहा गांव से कलेक्शन कर उस्का गांव की तरफ जा रहे फाइनेंस कंपनी के मैनेजर को असलहा के बल पर 1.40 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। बाइक सवार बदमाशों ने पहले मैनेजर को असलहा दिखाकर रोका और फिर धक्का देकर बंधे से नीचे गिराकर डिक्की में रखा रुपया, फिंगर मशीन, टैबलेट, आदि लूटने की घटना को अंजाम दिया है। सूचना पर पहुंची पुलिस मैनेजर के बताए हुलिया के हिसाब से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, बलिया जिले के रसड़ा इलाके के गौरा चौर गांव निवासी सतीश यादव भारत फाइनेंस कंपनी में मैनेजर है। पीपीगंज में कंपनी का स्थानीय कार्यालय है, मुख्य कार्यालय हैदराबाद में है। शुक्रवार की दोपहर में सतीश अपनी बाइक से बंजरहा गांव गए थे। वहां से रुपये का कलेक्शन कर उस्का गांव की तरफ जा रहे थे।
सतीश अभी गांव के बाहर बंधे पर पहुंचे थे कि वहां पर तीन बदमाशों ने मैनेजर की बाइक को रोक ली और मारपीट कर उन्हें बंधे के नीचे धक्का दे दिया। बाइक की चाभी निकाल डिक्की में रखे रुपये सहित अन्य सामान लेकर एक ही बाइक से तीनों बदमाश डोहरिया की तरफ भाग निकले।
घटना के बाद मैनेजर सतीश ने शोर मचाना शुरू किया। शोर सुनकर गांव के ही दुर्बल यादव सबसे पहले मौके पर पहुंचे और उन्होंने 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को लूट की सूचना दी। सूचना पर थाना प्रभारी नीरज राय, एसपी नार्थ अरविंद पांडे, सीओ कैंपियरगंज, एसपी क्राइम व क्राइम ब्राच की टीम मौके पर पहुंच गई।
टीम के लोगों ने कंपनी के मैनेजर से बदमाशों के चेहरे के बारे में पूछताछ करने के साथ यह जानने की कोशिश की कि वह इतने पैसे कहां से वसूल कर ले आ रहे थे। एसपी नार्थ अरविंद पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है, जल्द ही घटना का पर्दाफाश कर लिया जाएगा।