उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में राजपुर तिराहे पर बने पुलिस चेक पोस्ट पर शुक्रवार की देर शाम राजपुर गांव निवासी एक अधेड़ को बाइक सवार बदमाशों ने घर जाते समय गोली मार दिया। गंभीर रूप से घायल को इलाज के लिए स्थानीय पीएचसी ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
फायरिंग की आवाज सुन मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने बदमाशों को दौड़ाया तो वह अपनी बाइक छोड़कर पैदल ही बिहार के तरफ भाग गया।
खामपार थाना क्षेत्र के राजपुर गांव निवासी सुभाष सिंह (52) शुक्रवार की रात तकरीबन आठ बजे चकिया कोठी से बाजार करके वापस बाइक से घर जा रहे थे। अभी वह अपने गांव के तिराहे पर बने पुलिस पीकेट पर पहुंचे ही थे कि बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।
थानाध्यक्ष वीर बहादुर सिंह ने कहा कि घेराबंदी कर बदमाशों की तलाश की जा रही हैं। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर कारवाई होगी। सूचना मिलते ही एसपी डॉ. श्रीपति मिश्र भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन कराई जा रही हैं।