उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में कोरोना महामारी के कारण हुए लॉकडाउन में नौकरी छूटने पर दिल्ली, मुंबई से घर आए आए कुछ लोग अब अपराध के रास्ते पर चल पड़े हैं। जिन लोगों का अपराध से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं रहा उनका भी नाम अब पुलिस की डायरी में दर्ज हो रहा है।
बता दें कि बाहर से आए लोग कोई बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे रहे हैं लेकिन छोटी-छोटी वारदात कर अपराध का ग्राफ जरूर बढ़ा रहे हैं। इनका साफ्ट टारगेट इस समय प्रेमी प्रेमिका हो चुके हैं।
इधर- उधर घूमने जाने वाले प्रेमी प्रेमिका कहीं शिकायत नहीं करेंगे इस बात की जानकारी इनको भी है और आसानी से इनसे झपट्टा मारकर मोबाइल छीनना, पर्स छीनना या फिर घर पर बताने की धमकी देकर रुपये ऐंठना तक की वारदात सामने आ रही है।
पुलिस के मुताबिक कई ऐसे मामले सामने आए हैं जिसमें मोबाइल बरामद होने के बाद यह पता चला है कि प्रेमी प्रेमिका से छीने गए थे मगर वह थाने तक शिकायत लेकर नहीं आए थे। पुलिस जब दूसरे अपराध में ऐसे बदमाशों को दबोच रही है तो उनके सामने यह सच्चाई भी उभर कर सामने आ रही।