उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के शाहपुर इलाके के पादरी बाजार में कोचिंग से घर लौट रही छात्रा के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्रा के चचेरे भाई ने विरोध किया तो शोहदे ने अपने दोस्तों को बुला लिया। वे छात्रा के भाई को खोज रहे थे, इसी दौरान छात्रा के चाचा मिल गए। दबंगों ने मारपीट कर उनका सिर फोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, हाई स्कूल की छात्रा शाहपुर इलाके के कॉलोनी में रहती हैं। पादरी बाजार के पास वह रोजाना कोचिंग पढ़ने जाती है। गुरुवार की शाम वह कोचिंग पढ़ कर लौट रही थी। रास्ते में शोहदों ने घेर कर छेड़खानी शुरू कर दी।
आरोप है कि घटना के करीब दो घंटे बाद छेड़खानी करने वाला युवक अपने चार-पांच दबंग दोस्तों के साथ शाहपुर के संगम चौराहे के पास पहुंचा। वहां मौजूद छात्रा के चाचा को पकड़ लिया और मारपीट कर सिर फोड़ दिया।
सूचना मिलने पर पादरी बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और घायल का प्राथमिक उपचार कराया। पुलिस एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।