उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के रामगढ़ ताल क्षेत्र में एक युवक की बदमाशों ने पिटाई कर दी। आरोप है कि कोचिंग से लौटते समय उसकी बहन के साथ छेड़खानी हुई थी। उसने सोहदों को समझाने की कोशिश की तो पिटाई कर दी गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, कुशीनगर के रहने वाले युवक की बहन इंटर की छात्रा है। परिवार के साथ रामगढ़ ताल इलाके में रहती है। पुलिस को दी तहरीर में छात्रा ने लिखा है कि शाम को कोचिंग से आते-जाते समय मोहल्ले का एक युवक उसका पीछा करता है। कमेंट करने के साथ ही मोबाइल पर बात करने का दबाव बनाता है।
शुक्रवार की शाम कोचिंग से लौटते समय अपना मोबाइल देने के साथ ही बाइक पर बैठाने लगा। घर पहुंचकर युवती ने घटना की जानकारी अपने भाई को दी, तो उसने युवक को समझाते हुए आगे से ऐसा न करने के लिए कहा।
वहीं रात आठ बजे के करीब छेड़खानी करने वाला युवक अपने 10 साथियों के साथ युवती के घर पहुंच गया और उसके भाई की पिटाई कर दी। घर से निकलने पर हत्या करने की धमकी देते हुए फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।