- पुलिस से धक्का-मुक्की, मौतों से आक्रोशित ग्रामीणों ने बैरिकेडिंग लगाकर हाईवे किया बंद
- शाम छह से रात 7:40 बजे तक चला हंगामा, दहशत में दुकानदारों ने बंद की दुकानें
- एसएसपी ने बुलाया अतिरिक्त पुलिस बल और पीएसी की दो गाड़ियां, वीडियो फुटेज से होगी उपद्रवियों की पहचान
गोरखपुर। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए। हादसे के बाद मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड से लेकर हाईवे तक चीख-पुकार मची रही। मौतों से आक्रोशित ग्रामीणों और युवकों ने हाईवे पर जमकर हंगामा किया। शाम छह बजे शुरू हुआ बवाल रात 7:40 बजे तक चलता रहा। इस दौरान राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा और इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
हंगामा कर रहे लोगों ने मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी और बीआरडी मेडिकल कॉलेज परिसर के भीतर से जबरन बैरिकेडिंग लाकर हाईवे के दोनों तरफ रास्ता बंद कर दिया। इससे यातायात बाधित हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने वाहनों को डायवर्ट किया। उपद्रव के कारण सहमे राहगीर रास्ता बदलकर निकलने को मजबूर हुए। प्रदर्शनकारी आम लोगों से अभद्रता करने के साथ गाली-गलौज और मारपीट भी करते रहे।
इस दौरान महाराजगंज की ओर से आ रही रोडवेज बस को भी निशाना बनाया गया। हंगामा कर रहे लोगों ने बस का शीशा तोड़ दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्रता और धक्का-मुक्की की गई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन हंगामा कर रहे लोग उनकी बात सुनने को तैयार नहीं थे।
शटर बंद कर भागे दुकानदार, बंद की लाइटें
लगातार बिगड़ते हालात का असर मेडिकल कॉलेज के मुख्य गेट के सामने स्थित मेडिकल स्टोर दुकानों पर भी दिखा। किसी अप्रिय घटना की आशंका से दुकानदारों ने अपनी दुकानों की लाइटें बंद कर दीं। चाय-नाश्ते की दुकानें बंद कर दुकानदार वहां से चले गए। हाईवे पर आवागमन बाधित होने से वाहन चालकों और अन्य राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बुलाई गई अतिरिक्त फोर्स, राहगीर हुए परेशान
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसएसपी ने अतिरिक्त पुलिस बल के साथ पीएसी की दो गाड़ियां मौके पर बुलवाईं। हंगामे के दौरान उपद्रव कर रहे युवकों के वीडियो फुटेज भी बनाए गए हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी में है। तीन लोगों की मौत के बाद शुरू हुआ विरोध हाईवे पर आम लोगों के लिए परेशानी और दहशत का कारण बना रहा।