चार महीने बाद न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के पार पहुंचा
इससे पहले छह नवंबर को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री से अधिक रहा था
रविवार को अधिकतम 32.3 और न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस किया गया दर्ज
गोरखपुर। तापमान में वृद्धि का सिलसिला जारी है। पिछले दो दिनों में ही न्यूनतम तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई है। गर्मी का असर जनजीवन पर साफ दिखने लगा है।
चार महीने बाद न्यूनतम तापमान 18 डिग्री के पार पहुंच गया है। इससे पहले छह नवंबर को न्यूनतम तापमान 18.7 डिग्री सेल्सियस रहा था। रविवार को तापमान अधिकतम 32.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 1.7 डिग्री अधिक था। इसी तरह न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री रहा, जो औसत से 3.8 डिग्री अधिक था।
28 फरवरी को न्यूनतम तापमान 13.2 डिग्री रहा था। उसके बाद एक मार्च को यह बढ़कर 14.6 डिग्री हो गया। तीन से छह मार्च के बीच तापमान 15 डिग्री के आसपास रहा था। सात मार्च को यह बढ़कर 17.3 और आठ को 18.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग ने 14 मार्च तक के लिए पूर्वानुमान जारी किया है।
इसके मुताबिक, इस दौरान मौसम शुष्क बना रहेगा। यानी तापमान में और वृद्धि दिख सकती है। न्यूनतम तापमान में वृद्धि का असर घरों और कार्यालयाें में दिखने लगा है। घरों में अब रातभर पंखे या एसी चलने लगे हैं।