मिनी स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण कार्य।
- फोटो : अमर उजाला।
जीडीए की ओर से राजेंद्र नगर के भाटी विहार में मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू करा दिया गया है। पहले चरण में चहारदीवारी बनाने का काम चल रहा है। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि एक साल में निर्माण कार्य पूरा कराने का लक्ष्य है।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत भाटी विहार कॉलोनी में मिनी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाया जा रहा है। 23 जुलाई को सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसका शिलान्यास किया था। विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि से इसके लिए छह करोड़ 17 लाख 80 हजार रुपये की स्वीकृति मिली है। करीब दो एकड़ में बन रहे कॉम्प्लेक्स में एथलीटों के लिए सिंथेटिक ट्रैक, बास्केटबॉल कोर्ट, इंडोर बैडमिंटन कोर्ट, लॉन टेनिस कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट तथा टेबल टेनिस कोर्ट, शूटिंग रेंज बनेगा। क्रिकेट खिलाड़ियों के लिए भी सुविधाएं होंगी।
यहां भाला फेंक, गोला फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद का भी अभ्यास कराया जाएगा। कॉम्प्लेक्स के मल्टी परपज हाल में स्क्वैश, जिम, जूडो, वेट लिफ्टिंग के अभ्यास की व्यवस्था होगी। भवन तैयार हो जाने के बाद बेहतर कोच के लिए एमओयू मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग की जाएगी।