बिजली बिल बकाया है, फिर भी बक्शीपुर क्षेत्र में दो कनेक्शन दे दिए गए। सूरजकुंड बिजली घर से जुड़े चकिया कवलदह मोहल्ले के समीउल्लाह ने 4.67 लाख रुपये बकाया हैं। इसी तरह हरिश्चंद्र ने जुलाई 2019 में कनेक्शन लिया था, लेकिन आज तक बिजली बिल नहीं बन सका।
नगरीय वितरण खंड द्वितीय बक्शीपुर क्षेत्र के सूरजकुंड बिजली घर से जुड़े तकिया कवलदह मोहल्ले के समीउल्लाह के परिसर में लगे बिजली कनेक्शन (संख्या-6216112000) पर मार्च 2022 तक करीब 4.67 लाख का बिल बकाया था। इसके बावजूद 26 जून को समीउल्लाह की पत्नी के नाम से नया कनेक्शन (संख्या-5336661121) जारी कर दिया गया। जब कभी भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं की जांच हुई तो मामला खुलकर सामने आ गया।
इसे भी पढ़ें: गोरखपुर में सजा मां का दरबार, भक्ति में लीन हुए भक्त
पता चला कि दोनों कनेक्शनों की आईडी पर एक ही मोबाइल नंबर फीड है। टीम में शामिल अभियंताओं ने इस प्रकरण को संदिग्ध श्रेणी में डालकर अफसरों को अवगत कराया। इसी तरह माधोपुर बंधा क्षेत्र के हरिश्चंद्र के परिसर में जुलाई-2019 में बिजली कनेक्शन (संख्या-1623811185) दिया गया था। परिसर में बिजली मीटर भी लग गया।
ऑनलाइन बिलिंग सिस्टम में आधी-अधूरी फीडिंग होने से बिल जनरेट नहीं हो सका। इसका फायदा उठाते हुए हरिश्चंद्र ने जून 2022 में नया कनेक्शन ले लिया। जांच करने पहुंचे कर्मचारी परिसर में नया कनेक्शन देखकर भौचक रह गए। उन्होने अभियंताओं को अवगत कराया कि परिसर में दो कनेक्शन दिए गए हैं।