महावीर छपरा/कसिहार (गोरखपुर)। गोरखपुर–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर कसिहार चौराहे के पास बुधवार दोपहर अनियंत्रित वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौत हो गई जबकि प्रतियोगी छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान झंगहा के भैंसही निवासी मनोज कुमार यादव (48) के रूप में हुई है। वहीं घायल छात्रा की पहचान मऊ के सियरही बजरला निवासी सुप्रिया कन्नौजिया (21) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में एम्स थाना क्षेत्र के सूबा बाजार में अपने परिजनों के साथ रहती है।
बताया जा रहा है कि मनोज कुमार यादव छात्रा सुप्रिया को आजमगढ़ में पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाकर बाइक से गोरखपुर लौट रहे थे। इसी दौरान कसिहार चौराहे के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान मनोज कुमार यादव ने दम तोड़ दिया। वहीं सुप्रिया कनौजिया की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने बोलेरो वाहन को कब्जे में ले लिया है। बेलीपार पुलिस के अनुसार, छात्रा के परिजनों को सूचना दे दी गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।