सरदारनगर। चौरीचौरा थाना क्षेत्र के बदुरहिया गांव के पास बुधवार सुबह ट्रेन से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बदुरहिया गांव के पास एक व्यक्ति के ट्रेन से गिरने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे लोगों ने देखा कि व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर चौरीचौरा पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। जांच के दौरान उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार, मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष प्रतीत हो रही है। वह काले रंग का लोवर और नीले रंग की टी-शर्ट पहने हुए था। उसके पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।