राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में प्रवेश का सपना देख रहे अभ्यर्थियों का इंतजार अब खत्म हो गया है। आईटीआई में प्रवेश और चुनिंदा ट्रेड में प्रशिक्षण के लिए अभ्यर्थियों के पास 23 अगस्त तक आवेदन करने का मौका है।
अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर प्रवेश मिलेगा। गोरखपुर मंडल में 24 राजकीय और 205 प्राइवेट आईटीआई की कुल 12 हजार सीटों पर आवेदन होंगे। आवेदन के लिए अभ्यर्थी वेबसाइट
www.scvtup.in पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
आईटीआई जेडी गोरखपुर मंडल राजेश राम ने बताया कि प्रदेश में राजकीय आईटीआई में केंद्र और राज्य सरकार से जुड़े पाठ्यक्रम मिलाकर कुल 1,20,575 सीटें मौजूद हैं जबकि प्राइवेट आईटीआई में केंद्र सरकार के पाठ्यक्रम से जुडी 3,71,732 सीटें हैं।
उन्होंने बताया कि इन सीटों पर आवेदन की प्रक्रिया राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद(एससीवीटी) में शुरू कर दी है। पहले चरण की यह प्रक्रिया 23 अगस्त तक चलेगी। सीटों के सापेक्ष आवेदन आने के बाद एससीवीटी 10 दिन में मेरिट सूची जारी करेगा जिसके आधार पर अभ्यर्थियों को प्रवेश मिलेगा।