उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में हाइवे पर कुआनो नदी के पास कारगिल शहीदों की याद में 2007 में रोटरी क्लब मिड टाउन के सहयोग से प्रशासन ने स्मारक बनवाया था। स्थापना के बाद वर्ष-2012 व 2019 में इसका जीर्णोद्धार भी हुआ। तत्कालीन डीएम डॉ. राजशेखर की पहल पर जिला पंचायत ने लाखों रुपये खर्च कर इसे व्यवस्थित किया।
यहां टाइल लगाई गईं और उद्घाटन 28 जनवरी-2019 को सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से किया। तब से लेकर अब तक एक वर्ष पांच माह बीत चुके हैं, मगर उपेक्षा के चलते शहीद स्मारक की टाइल उखड़ने लगी हैं। सीढ़ियां क्षतिग्रस्त हो गई हैं।
कारगिल शौर्य स्मारक के लिए रोटरी क्लब मिडटाउन ने स्थापना की पेशकश की तो तत्कालीन आयुक्त विनोद शंकर चौबे ने सहमति जताते हुए कुआनो तट पर जमीन मुहैया करा दी। तब के अध्यक्ष और अब संरक्षक डॉ. रमेश चंद्र श्रीवास्तव की देखरेख में हर पर्व-त्योहार पर कारगिल के शहीदों को याद किया जाता है।
वर्ष-2012 में ईंट व सीमेंट से बने स्मारक को रोटरी क्लब मिडटाउन ने करीब दो लाख रुपये खर्च कर नया रूप देते हुए यहां बंदूक व सैनिकों की टोपी का निर्माण कराया। स्वरूप बदलने के लिए टायल्स व हैंडपंप भी लगवा दिए, मगर यह सब ज्यादा दिन नहीं टिक सके।