- मंगलवार को साढ़े पांच घंटे के ब्लॉक में 29 ट्रेनें रहीं निरस्त, 52 का संचलन प्रभावित
- दिल्ली और मुंबई की ट्रेनों दिखी यात्रियों की भारी भीड़
गोरखपुर। रेलवे प्रशासन की ओर से यार्ड रिमॉडलिंग के 11वें दिन मंगलवार को 29 ट्रेनें निरस्त रहीं। वहीं 52 ट्रेनों का आवागमन प्रभावित रहा। इससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली जाने वाले यात्रियों को उठानी पड़ी। बुधवार को दून और पूर्वांचल एक्सप्रेस समेत करीब ट्रेनें निरस्त रहेंगी।
ब्लॉक के दौरान उत्तरी और दक्षिणी लाइन बंद रही। ब्लॉक सुबह 10:40 बजे से शुरू होकर शाम 4:10 बजे तक करीब साढ़े पांच घंटे चला। इस दौरान प्लेटफाॅर्म सात, आठ और नौ की पटरियों पर काम किया गया। वहीं स्टेशन की उत्तरी छोर पर तीसरी रेल लाइन और विद्युतीकरण का कार्य तेजी के साथ चल रहा है।
ट्रेनों के निरस्त होने से दिल्ली और मुंबई जाने वाली यात्रियों को ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार को सत्याग्रह, क्लोन स्पेशल और एलटीटी समेत कई प्रमुख ट्रेनें निरस्त रहीं। इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। गोरखधाम, वैशाली, संपर्कक्रांति, सप्तक्रांति समेत दिल्ली और मुंबई वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली।
...............
आज निरस्त रहेंगी ये प्रमुख ट्रेनें
- 15082/15081 गोमती नगर-गोरखपुर-गोमती नगर एक्सप्रेस
- 15131 गोरखपुर-वाराणसी सिटी एक्सप्रेस
- 15080/15079 गोरखपुर-पाटलिपुत्र-गोरखपुर एक्सप्रेस
- 15211/15212 दरभंगा-अमृतसर-दरभंगा एक्सप्रेस
- 15031/15032 गोरखपुर-लखनऊ जं.-गोरखपुर एक्सप्रेस
- 15065 पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस
- 15050 गोरखपुर-कोलकाता एक्सप्रेस
- 22531/22532 छपरा-मथुरा जं.-छपरा एक्सप्रेस
- 15067 गोरखपुर-बान्द्रा टर्मिनस एक्सप्रेस
- 15005 गोरखपुर-देहरादून एक्सप्रेस
- 20103 लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस
- 14010 आनंद विहार टर्मिनस-बापूधाम मोतिहारी एक्सप्रेस
- 20104 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस
- 12596 आनन्द विहार टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस
- 12598 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस
...........
कल निरस्त रहेगी जम्मूतवी एक्सप्रेस
रेलवे प्रशासन की ओर से गोरखपुर-गोरखपुर कैंट स्टेशनों के बीच तीसरी लाइन के लिए नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किए जाने के कारण भागलपुर से 24 अप्रैल को चलने वाली 15097 भागलपुर-जम्मू तवी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने दी।