पूरे कराएं अधूरे कार्य, नहीं होगी धन की कमी : सीएम
वीडियो कांफ्रेंसिंग से मुख्यमंत्री ने जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से जिले के विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने दस से 50 करोड़ तक की अधूरी परियोजनाओं को पूरा कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों की राह में धन की कमी रोड़ा नहीं बनेगी।
सीएम ने कहा कि जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कार्यदायी संस्थाएं तालमेल से गुणवत्तापूर्ण कार्य कराएं। मुख्यमंत्री ने मगहर कबीर अकादमी और हैरिटेज सर्किट स्वदेश मगहर के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएम से जिले में राजकीय इंटर कॉलेज के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा। बताया कि पंचायत सचिवालय फाइबर ऑप्टिकल से जोड़े जाएंगे। उन्होंने आईटीआई कॉलेज के निर्माण की स्थिति की भी जानकारी ली। ओडीओपी योजना में चयनित उत्पादों की प्रदर्शनी लगाने व कारीगरों को प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।
सीएम ने तालाबों के सुधार, गो आश्रय स्थलों पर गोवंश के चारे-पानी की समुचित व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए। कहा कि खाद-बीज की कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। जीएसटी के लिए अधिक से अधिक व्यापारियों का रजिस्ट्रेशन कराए जाने पर भी जोर दिया। सीएम ने मेंहदावल-विसौवा घघवा सड़क व ख़लीलाबाद-मेंहदावल मार्ग के चौड़ीकरण कार्य की स्थिति भी जानी। डीएम दिव्या मित्तल ने निमार्ण कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान विधायक धनघटा एवं राज्यमंत्री श्रीराम चौहान, विधायक खलीलाबाद जय चौबे, विधायक मेंहदावल राकेश सिंह बघेल, एडीएम संजय पांडेय, सीडीओ अतुल मिश्र आदि उपस्थित रहे।