बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के नए बैच के विद्यार्थियों को पहले दिन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गणेश कुमार ने हिप्पोक्रेटिक शपथ दिलाई। साथ ही विद्यार्थियों को विभागों के बारे में जानकारी देते हुए चिकित्सीय कार्यप्रणाली के बारे में बताया। पहले दिन एमबीबीएस के 37 विद्यार्थी मौजूद रहे। इस बीच छात्रों ने अपना-अपना परिचय भी दिया।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 150 सीटें हैं। इन सीटों पर काउंसिलिंग हो चुकी है। प्रवेश प्रक्रिया के बाद पहली बार ये विद्यार्थी बीआरडी मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को अपना परिचय दिया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को कैंपस में घुमाते हुए विभागों की जानकारी दी। प्राचार्य ने बताया कि नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) की पहल पर दो साल पहले एमबीबीएस की पढ़ाई के पैटर्न में बड़ा बदलाव हुआ है।
इसके तहत एमबीबीएस के पाठ्यक्रम में फाउंडेशन कोर्स शामिल किए गए हैं। इसे 2019-20 सत्र से लागू भी कर दिया गया है। पहले वर्ष से ही विद्यार्थियों को मेडिकल कॉलेज के वार्ड, पैथोलॉजी लैब, रेडियो डायग्नोसिस सेंटर समेत अन्य विभागों में नियमित भ्रमण कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को मरीजों की जांच, इलाज और परीक्षण की जानकारी मिल सकेगी।