- कोतवाली इलाके में हुई थी वारदात, तीन भेजे जा चुके हैं जेल
गोरखपुर। माया बाजार गोलीकांड में मुख्य आरोपी सचिंद्र कुशवाहा उर्फ शनि घटना के बाद से भागा हुआ है। कोतवाली पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं, गोली लगने से घायल नमन गुप्ता का बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
कोतवाली क्षेत्र के माया बाजार निवासी (29) नमन गुप्ता को 27 सितंबर की रात करीब 10 बजे बातचीत के बहाने चौराहे पर बुलाया गया था। नमन की मां रीता देवी की तहरीर के अनुसार, वहां सचिंद्र कुशवाहा उर्फ शनि, रीशू जायसवाल, राहुल गुप्ता और उनके साथियों ने नमन को गोली मार दी। गोली चलने के बाद आरोपी मौके से भाग गए। आसपास के लोगों ने घायल नमन को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां से हालत गंभीर होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी रीशू जायसवाल, राहुल गुप्ता और विशाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मुख्य आरोपी सचिंद्र अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। सीओ कोतवाली ओंकार दत्त ने बताया कि मुख्य आरोपी की तलाश की जा रही है। घायल नमन की स्थिति खतरे से बाहर है।