गोरखपुर चिड़ियाघर आने वाले दर्शकों को फिलहाल मरियम का दीदार नहीं हो सकेगा। तबीयत खराब होने की वजह से उसे बाड़े के भीतर रखा गया है, वहीं उसका उपचार किया जाएगा। इस दौरान बाड़े से बाहर खुले में सिर्फ पटौदी ही दिखेगा। दर्शक उसका दीदार कर सकेंगे।
चिड़ियाघर में रहने वाली शेरनी मरियम गंभीर रूप से बीमार हो गई है। उसने दाना-पानी भी छोड़ दिया है। उसे स्वस्थ करने के लिए पशु चिकित्सकों की टीम लग गई है। चिड़ियाघर प्रशासन ने इसकी जानकारी सोमवार को शासन और राज्य चिड़ियाघर प्राधिकरण को भी दे दी है।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि मरियम अपनी उम्र पूरी कर चुकी है। एक शेरनी की उम्र अधिकतम 18 वर्ष होती है, जबकि वह 20 वर्ष की हो चुकी है। कमजोर होने की वजह से उसका भोजन भी नहीं के बराबर हो गया है। जबड़े में ताकत न होने के कारण उसे मांस खाने में दिक्कत हो रही है। ऐसे में उसे मुलायम खाद्य पदार्थ दिया जा रहा है।
इसे भी पढ़ें: गोरक्षनगरी को विकास के नए पंख लगाने आ रही पेप्सिको, 1071 करोड़ से कंपनी लगा रही प्लांट
समय-समय पर इलेक्ट्रोलाइट और विटामिन से मजबूती देने का प्रयास भी किया जा रहा है। किसी तरह का तनाव न होने देने के लिए उसका इलाज बाड़े में रखकर कर रहे हैं। गर्मी में दवा और कम भोजन की वजह से उसपर दबाव न पड़े, इसलिए बाड़े के भीतर ही उसे रखा जाएगा।
इटावा के लाॅयन सफारी से आई थी मरियम
इटावा लॉयन सफारी से बाघिन मरियम को गोरखपुर लाया गया था। इटावा में गुजरात के शक्करबाग चिड़ियाघर से इन्हें लाकर रखा गया था। डॉ सिंह ने बताया कि मरियम जब दो वर्ष पूर्व इटावा सफारी से लाई गई थी, तभी वह उम्र पूरी कर चुकी थी। प्रबंधन की सतर्कता और समय-समय पर चिकित्सकीय उपचार की वजह से अभी तक वह पूरी तरह से स्वस्थ है।