गोरखपुर जिले में पिपरौली गीडा थाना क्षेत्र के बेलवाडाड़ी गांव की एक विवाहिता की मंगलवार की रात में संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस ने पति व सास सहित छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, बेलवाडाड़ी गांव के अमित कुमार गौड़ की शादी दो वर्ष पूर्व बस्ती जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के फरेंदा सेंगर निवासी कनथू की पुत्री आरती से हुई थी। मृतका की मां गायत्री का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही आरती के ससुराल वाले दहेज के लिए उसे परेशान करते थे।
मंगलवार की रात बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में जलने से मौत हो गई। दाह संस्कार की तैयारी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहरीर के आधार पर पति अमित व सास चांदनी समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।