शाहपुर थाने में पत्नी का फर्जी तलाकनामा तैयार कर दूसरी शादी करने का आरोपी।
- शाहपुर इलाके की घटना, पत्नी ने दर्ज कराया था केस, आरोपी को जेल भेजा गया
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। शाहपुर इलाके में पत्नी से फर्जी तलाक का पेपर तैयार कर प्रेमिका से शादी करने का मामला सामने आया है। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेजा गया। आरोपी पर पुलिस ने देहज उत्पीड़न व कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जालसाजी की धारा में केस दर्ज किया था।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी पादरी बाजार मानस विहार निवासी अनिल कुमार की शादी 18 अप्रैल 2008 में हुई थी। पत्नी का आरोप है कि मोहल्ले की ही एक महिला से पति का प्रेम संबंध हो गया। उससे शादी करने के लिए उसने तलाक पेपर तैयार कर लिया और उसे ही महिला को दिखाकर शादी भी कर ली।
शादी होने के कुछ समय बाद जब पत्नी को इसकी जानकारी हुई तो उसने अगस्त 2023 में शाहपुर थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। तलाक का पेपर पुलिस की जांच में फर्जी पाए जाने पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई थी। शुक्रवार की रात में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पुलिस ने उसे जेल भिजवा दिया।