प्रोन्नत अंकतालिका छात्रवृत्ति आवेदन में बनी ‘बाधा’
कोरोना संक्रमण के कारण स्नातक प्रथम, द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी बिना परीक्षा हुए हैं अगली कक्षाओं में प्रोन्नत
राम कृपाल दूबे
बहादुरपुर(बस्ती)। प्रोमोटेड अंकतालिका के चलते स्नातक के विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए आवेदन ही नहीं कर पा रहे हैं। यदि जल्द इसका समाधान नहीं निकला तो बड़ी संख्या छात्र छात्रवृत्ति से वंचित हो जाएंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 5 नवंबर है।
दरअसल, कोरोना संक्रमण के चलते स्नातक प्रथम, द्वितीय वर्ष के छात्रों को बिना परीक्षा दिए ही अगली कक्षा में प्रोन्नत कर दिया गया है। उन्हें जो मार्कशीट मिली है उसमें विषय के आगे नंबर के स्थान पर ‘प्रमोटेड’ लिखा है। अब तक जब छात्र छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं तो पोर्टल पर पिछली कक्षा के अंक की मांग की जा रही है। अंक पत्र में नंबर न होने से वे आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। छात्रा कुसुम, कविता, सुनीता, शिवानी, प्रमिला ने बताया कि उन्हें ग्रेजुएशन प्रथम वर्ष से प्रमोट कर द्वितीय में भेजा गया है। ऑनलाइन छात्रवृत्ति आवेदन करते समय पिछली कक्षा का अंक मांगा जा रहा है। जबकि अंक पत्र पर नंबर की जगह ‘प्रमोटेड’ लिखा हुआ है। जिससे आवेदन नहीं हो पा रहा है।
नहीं किया जा रहा है संशोधन
जिन छात्रों के मार्कशीट व आधार कार्ड में नाम अलग-अलग हैं। वे इसमें संशोधन के लिए ऑनलाइन छात्रवृत्ति पोर्टल पर आवेदन कर रहे हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी की स्वीकृति के बाद संशोधन प्रक्रिया पूरी हो जाती है। बहादुरपुर ब्लॉक की छात्रा पूजा ने बताया कि उनके आधार कार्ड में नाम के साथ कुमारी लिखा है और हाईस्कूल के प्रमाण पत्र पर सिर्फ नाम दर्ज है। इसमें संशोधन के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था, करीब 15 दिन बीत जाने के बाद भी नाम का सत्यापन नहीं किया गया। जिससे छात्रवृत्ति आवेदन पूरा नहीं हो पा रहा है।
शासन व विश्वविद्यालय को भेजा गया है पत्र
जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने बताया कि अंक की जगह ‘प्रमोटेड’ लिखे हुए अंक पत्र से छात्रवृत्ति आवेदन में दिक्कतें आ रही हैं। इसके समाधान के लिए शासन और सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के कुलसचिव को 15 दिन पूर्व पत्र भेजा गया है। इस संबंध में अभी तक जवाब नहीं आया है। समाधान मिलते ही छात्रों को अवगत कराया जाएगा। जिन छात्रों के आधार व प्रमाण पत्र में अंकित नाम में अंतर है वे विकास भवन स्थित समाज कल्याण विभाग कार्यालय आकर अपडेट करवा सकते हैं। (संवाद)