गोरखपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत मानबेला स्थित जीडीए के फ्लैट खरीदने वाले कई लाभार्थी तीन साल बाद भी सब्सिडी का इंतजार कर रहे हैं। लाभार्थियों का कहना है कि उन्होंने फ्लैट खरीदने के लिए भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) से होम लोन लिया था।
जीडीए की ओर से मानबेला में फ्लैट बनवाए गए हैं। इनमें पत्रकारपुरम, पत्रकारपुरम विस्तार समेत कई ब्लॉक हैं। इसमें सैकड़ों की संख्या में फ्लैट हैं, जिनमें डॉक्टर, वकील, इंजीनियर, समाजसेवी आदि लोग रहते हैं। वर्ष 2023 में जीडीए की ओर से निकाली गई लॉटरी में दीप्त भानु डे, अनिल कुमार त्रिपाठी, जितेंद्र प्रताप सिंह, सौरभ, कमलेश सिंह समेत कई लोगों को फ्लैट आवंटित किए गए। इसमें लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 16 से 20 लाख रुपये लोन लेकर फ्लैट लिया। सौरभ ने बताया कि लोन लेते वक्त प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ढाई लाख रुपये सब्सिडी मिलने की बात कही कई थी।
पीड़ितों का कहना है कि इसी योजना के कुछ लोगों को पहले ही सब्सिडी मिल चुकी है, जबकि समान प्रक्रिया अपनाने के बावजूद कई लोगों के आवेदन लंबित हैं। उनका आरोप है कि बैंक और संबंधित विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालकर पल्ला झाड़ रहे हैं। बैंक से संपर्क करने पर उन्हें बताया जाता है कि अब केवल नए आवेदन पर ही सब्सिडी का प्रावधान है, जबकि उनका आवेदन पहले से लंबित है।
पीड़ित लोग बोले
प्रदीप कुमार राय ने बताया कि वर्ष 2023 में एसबीआई से होम लोन लेकर फ्लैट खरीदा था। बताया गया था कि पीएम आवास योजना के तहत ढाई लाख की सब्सिडी मिलेगी। तीन साल बीतने के बाद भी कोई लाभ नहीं मिला। कई बार बैंक गए लेकिन हर बार अलग-अलग जवाब मिलता है।
अनिल त्रिपाठी ने बताया कि हमारे साथ फ्लैट लेने वाले कुछ लोगों के खाते में सब्सिडी आ गई लेकिन हमें अब तक नहीं मिली। बैंक में पूछने पर बताया जाता है कि अब नए आवेदन पर ही सब्सिडी मिलेगी।
बोले अधिकारी
अभी कोई शिकायत नहीं मिली है। योजना के तहत लोन लेने पर एक निश्चित समय में सब्सिडी जारी कर दी जाती है। पीड़ित लोग जिस शाखा से लोन लिए हैं, लिखित शिकायत करें।
- अनूप लाल, सहायक महाप्रबंधक, एसबीआई