गोरखपुर बस्ती मंडल में गुरुवार को बारिश ने अपना विकराल रूप दिखा दिया। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 13 लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं। इनमें कई घटना के दौरान खेतों में काम कर रहे थे। इसमें से नौ की मौत देवरिया, दो सिद्धार्थनगर, एक कुशीनगर और एक महराजगंज में मौत हुई है। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देवरिया में 9 की मौत
देवरिया जिले में मूसलाधार बारिश के बीच बिजली गिरने से जिले के अलग-अलग स्थानों पर नौ लोगों की मौत हो गई। जबकि 16 लोग घायल हो गए। कलेक्ट्रेट में बिजली गिरने से अफरा-तफरी मच गई। एसडीएम कार्यालय सहित कई कंप्यूटर जलकर नष्ट हो गए। आवाज इतनी तेज थी कि अधिवक्ता किसी अनहोनी की घटना भांपकर सहम गए। दो पशुओं की भी जान गई है।
मरने वालों में बढ़या हरदो, खुदिया पाठक, अमृतकुंडा, खोरीबारी, सिरसिया बाबू, हाटा में एक-एक और अंडिला में दो की मौत हो गई। जबकि अलग-अलग स्थानों पर दो पशु भी झुलसकर मर गए। 16 से अधिक लोगों को बिजली गिरने से झुलस जाने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शाम चार बजे के करीब अचानक तेज आवाज के साथ बिजली कलेक्ट्रेट में एसडीएम कार्यालय पर गिरी। बिजली गिरने से शार्ट सर्किट हो गया। इससे बिजली के उपकरण और कंप्यूटर जल गए। एसडीएम सदर दिनेश मिश्र ने बताया कि बिजली गिरने से शार्ट सर्किट हो गया था। इससे काफी नुकसान हुआ है।
सिद्धार्थनगर में 2 की मौत
सिद्धार्थनगर जिले में परिवार के लिए अन्न उपजाने के लिए गुरुवार को खेत के लिए निकले दो किसान बादलों के रौद्र रूप का शिकार हो गए। बिजली गिरने से मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव निवासी किसान जग्गी और बुढ्ढी खास गांव निवासी मसूद की मौत हो गई।
दोनों किसानों के परिवार की आय इनपर ही निर्भर थी, मौत होने से परिवार पर भी संकट आ गया है। हालांकि प्रशासन ने इन किसान परिवारों की सहायता करने का आश्वासन दिया है।
कुशीनगर में एक की मौत
कुशीनगर जिले के सेवरही थाना क्षेत्र के ग्राम सभा परसा उर्फ सिरिसिया के गया मिश्र टोले में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुरुवार की सुबह बारिश के दौरान गया मिश्र टोले का निवासी लक्षन गुप्ता (25) खेत देखने गया था। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में खलबली मच गई। घटनास्थल पर परिजनों व ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
महरागंज में भी एक किसान की मौत
वहीं महराजगंज के सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्रामसभा करमहा टोला मंगलपुर में दिनेश (35) व मुकेश खेत में धान का बेहन उखाड़ रहे थे। दिन में 11 बजे अचानक बारिश शुरू हो गई। बिजली भी कड़कने लगी। उसी दौरान बिजली गिर गई।
जिसके चपेट में दिनेश व मुकेश आ गए। दिनेश की मौके पर ही मौत हो गई थी, लेकिन परिजन मुकेश के साथ दिनेश को भी लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। दिनेश को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुकेश को जिला अस्पताल के इमरजेंसी में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया।