सिद्धार्थनगर जिले में बृहस्पतिवार को दो नए कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। यह दोनों इटवा तहसील क्षेत्र के अलफारुख इंटर कॉलेज में क्वारंटीन थे। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद राजस्व और स्वास्थ्य महकमा उन्हें बर्डपुर स्थित आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट करने की तैयारी में जुटा है। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर अब 92 हो गई है। हालांकि 31 लोग स्वस्थ होकर जा चुके हैं।
जानकारी के अनुसार खुनियांव ब्लॉक क्षेत्र के एक गांव निवासी एक 20 वर्षीय युवक 20 मई को मुंबई से घर लौटा था। स्क्रीनिंग के दौरान संदिग्ध दिखने के बाद उसके लार का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था और अलफारुख इंटर कॉलेज में क्वारंटीन था।
इसी प्रकार भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के एक गांव निवासी एक 34 वर्षीय युवक 20 मई को ही मुंबई से आया था। स्क्रीनिंग में संदिग्ध पाए जाने पर उसके लार का सैंपल लेकर इटवा के अलफारुख इंटर कॉलेज में क्वारंटीन किया गया था। बृहस्पतिवार को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में दोनों कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
इसके बाद राजस्व और स्वास्थ्य महकमा उन्हें बर्डपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट करने की तैयारी में लगा हुआ है। दो संक्रमित मरीजों के मिलने की पुष्टि सीएमओ डॉ. सीमा राय ने की है। उन्होंने बताया कि संक्रमित मिले मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया जा रहा है।
आंकड़ों पर एक नजर
- संक्रमितों की संख्या - 92
- स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या - 31
- एक्टिव मरीज जिनका इलाज चल रहा है - 61
- जिले में अब तक संक्रमण से मृतकों की संख्या - एक