उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के तेंदुबारी की महिला ग्राम प्रधान अनिता दूबे एवं उनके पति पदुमनाथ दूबे उर्फ सिपाही बाबा को देर रात गोरखपुर जाते समय बाइक सवार बदमाशों ने घेरकर जान से मारने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से ग्यारह लोगों को दबोच लिया। मौके से पांच बाइक भी मिला है। बताया जा रहा है कि इसमें ज्यादातर बदमाश दूसरे जनपदों के रहने वाले हैं।
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम तेंदुबारी के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि पदुमनाथ दूबे रविवार की रात में गांव आए 62 प्रवासी श्रमिकों को भोजन कराने के बाद एक बारात में चले गए। उनके बच्चे गोरखपुर रहते हैं। देर रात लौटने के बाद वह परिवार सहित कार से गोरखपुर के लिए निकले।
कुछ दूर पहुंचने के बाद कुछ बाइक सवार बदमाश उनका पीछा करने लगे। आभास होते ही वे रास्ता बदल दिए और पुलिस सहित कुछ ग्रामीणों को सूचना दी। गौरी बाजार हाटा रोड स्थित ककवल चौराहे से ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने सभी ग्यारह लोगों को दबोच लिया। मौके से पांच बाइक भी बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि पकड़े गए सभी युवक विभिन्न जनपदों के रहने वाले हैं।