दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित शोध पात्रता परीक्षा (रेट-2021) के तहत पीएचडी में प्रवेश के लिए गुरुवार को तीन विषयों की ऑनलाइन साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी की गई। इसके तहत रसायन विज्ञान, बायो टेक्नालाजी और इलेक्ट्रानिक्स विभाग के 28 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया गया। इसे लेकर अबतक 13 विभागों में प्रवेश के लिए साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन साक्षात्कार प्रक्रिया में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। विज्ञापन के मुताबिक बीते वर्ष रेट उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को सीधे साक्षात्कार में शामिल होने का मौका दिया जाएगा। इन अभ्यर्थियों ने इस साल की परीक्षा के लिए नामांकन भी कराया है। इनके इस साल के रेट परीक्षा के साक्षात्कार में शामिल होने से वर्तमान सूची में कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।
कुलपति प्रो. राजेश सिंह ने बताया कि साक्षात्कार के लिए विश्वविद्यालय के एक्ट और आर्डिनेंस में मौजूद नियमों का पालन किया जा रहा है। परीक्षा में आरक्षण का आधार विभागवार न होकर केंद्रित रोस्टर के रूप में लगाया गया है। रेट में 1628 अभ्यर्थी सफल रहे हैं।