गोरखपुर जिले में कोरोना संक्रमण के मामले रुक नहीं रहे हैं। शनिवार को जिले में 109 कोरोना मरीज मिले हैं। साथ ही दो मरीजों की मौत भी हुई है। इनमें शहर के 67 मरीज शामिल हैं। इन मरीजों में एडीएम फाइनेंस, एसओ राजघाट, स्वाट टीम के प्रभारी और दो सिपाही समेत कई सरकारी कर्मी हैं। इसके बाद से जिले में मरीजों की संख्या 1539 हो गई है। इनमें 744 ठीक होकर घर जा चुके हैं। 758 का इलाज चल रहा है। जबकि अब तक 37 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
जानकारी के मुताबिक एडीएम फाइनेंस ने एहतियात के तौर पर अपनी जांच कराई थी। शनिवार को रिपोर्ट आई तो वह होम आइसोलेट हो गए हैं। इनके अलावा एसओ राजघाट और स्वाट टीम के प्रभारी और उनकी टीम भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।
इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में जल्द शुरू होगा कोरोना वैक्सीन का ट्रायल
यह लोग फातिमा हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती हो गए हैं। चिल्लूपार विधानसभा से चुनाव लड़ चुकी एक भाजपा नेत्री भी पॉजिटिव पाई गई है। शहर की बात करें तो नगर निगम का एक कर्मचारी, मियां बाजार, रसूलपुर, तारामंडल, शाहपुर, बसंतपुर, पुलिस लाइंस, छोटे काजीपुर, दीवान बाजार, मियां बाजार, राजेंद्र नगर, साहबगंज, सिटीमॉल, सिविल कोर्ट, ऊर्दू बाजार, गणेशपुरम, गंगाटोला, जोगरा बाजार, मोहद्दीपुर, मानस बिहार कॉलोनी, नयी बाजार, बशारतपुर, शास्त्रीचौक, नरसिंहपुर, मैत्रीपुरम, हुसैननगर में एक-एक मरीज मिले हैं।
इसके अलावा हुमायुपुर उत्तरी में दो, सदर तहसील में तीन कर्मी, फर्टिलाइजर में दो कर्मी, बेतियाहाता में दो, इस्माइलपुर में तीन, सिविल लाइन में तीन, अशोक गैस एजेंस के पास दो, मरीज मिले हैं। सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि कोरोना संक्रमितों के परिजनों की कोरोना जांच कराई जाएगी।