कुशीनगर शनिवार को एक साथ 99 सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद खलबली मच गई। यह अब तक एक दिन में प्राप्त हुई सर्वाधिक रिपोर्ट है। इन्हें लेकर जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या 1167 हो गई है। 30 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होने पर घर भेज दिए गए।
आरटीपीसीआर और ट्रू नॉट मशीन के अलावा अब एंटीजन किट से भी जांच शुरू हो जाने के बाद जिले में कोरोना की जांच का दायरा बढ़ गया है। जिला अस्पताल, सभी 14 सीएचसी-पीएचसी और छह स्टैटिक बूथों को मिलाकर जिले में लगभग 500 लोगों की जांच हर दिन होने से हर दिन प्राप्त होने वाली रिपोर्ट की संख्या भी बढ़ गई है। इनमें सर्वाधिक संख्या संक्रमित मरीजों के परिवारजनों एवं संपर्क में आए लोगों की रह रही है। बिना लक्षण वाले मरीज अधिक मिल रहे हैं।
सीएमओ डॉ. एनपी गुप्ता ने बताया कि अब तक कुल 22747 लोगों की कोरोना जांच कराई गई है। इनमें 1167 लोग संक्रमित मिले हैं। इनमें एक्टिव पॉजिटिव केस 567 हैं। 11 लोगों की इलाज के दौरान मौत हुई है, जबकि 30 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर घर चले गए। इस तरह अब तक 589 लोग स्वस्थ हुए हैं।
उन्होंने बताया कि शनिवार की शाम तक 1117 सैंपल की रिपोर्ट प्राप्त हुई, जिसमें 1018 निगेटिव और 99 पॉजिटिव केस हैं। संक्रमित मिले मरीजों में कप्तानगंज क्षेत्र के तीन, सेवरही के छह, मोतीचक के चार, पडरौना के 16, रामकोला के 20, नेबुआ नौरंगिया के छह, कसया के 11, फाजिलनगर के 13, तमकुही के तीन, दुदही के नौ और सुकरौली क्षेत्र के आठ मरीज शामिल हैं।