उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में शनिवार को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से आई रिपोर्ट में 31 पुलिस कर्मियों समेत 69 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। वहीं बस्ती के कैली अस्पताल में भर्ती कोरोना संक्रमित एक महिला की मौत हो गई। रिपोर्ट आने के बाद सभी संक्रमितों को महिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। जिले में अब तक 1104 संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 723 लोग इलाज के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि 367 का इलाज चल रहा है। वहीं जिले में अब तक 14 लोगों की कोरोना से जान गई है।
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों के मिलने का सिलसिला जारी है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, डुमरियागंज के एक गांव निवासी एक महिला संक्रमित थी। महिला को बस्ती के कैली अस्पताल स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था, जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई।
वहीं पॉजिटिव मिले संक्रमितों में नौगढ़ ब्लॉक के पुलिस लाइंस में 31, ब्लड बैंक व बर्डपुर बाजार में दो- दो, डीसीएच सिद्धार्थगनर में छह, इटवा के खरीकवा चार, इटवा पांच, खेसरहा के छितौनी तीन, पिपरा पांडेय, बांसी के बसंतपुर के मोहल्ला गांधीनगर, महदेवा, पनेरा, गनवरिया, जोगिया के मरगहवा, ददिया, खुनियांव के बरगदवा, मिठवल के पटेलनगर, जिगिना, कठोलवा, मिठल, शोहरतगढ़ महथा और बगहवा में एक-एक व्यक्ति शामिल हैं।
सीएमओ डॉ. इंद्रविजय विश्वकर्मा ने बताया कि 69 लोग संक्रमित पाए गए। सभी को महिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करा दिया गया है। जबकि एक महिला की बस्ती में हुई है, कोरोना संक्रमण से ग्रसित थी।