गोरखपुर जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या कम होती जा रही है। शनिवार को 145 मरीज मिले। लगातार दूसरे दिन एक भी संक्रमित की मौत नहीं हुई। इससे बीआरडी कॉलेज प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। संक्रमितों में दो मासूम समेत बीआरडी के एक डॉक्टर शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, कोरोना की रफ्तार कम होने से विभाग ने राहत की सांस ली है। काफी दिनों बाद बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एक डॉक्टर चपेट में आए हैं। इनके अलावा बिंलदपुर में एक ही परिवार के दो मासूम संक्रमित मिले हैं। इनकी उम्र चार और सात साल है।
आरटीओ कार्यालय का एक कर्मी, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के दो कर्मी, हुमायुंपुर में एक ही परिवार के तीन लोग, फुलवरिया में एक ही परिवार के तीन लोग, अलीनगर में एक ही परिवार के तीन लोग, कूड़ाघाट में एक ही परिवार के दो लोग, पादरी बाजार में एक ही परिवार के दो लोग, शांतिनगर में एक ही परिवार के दो लोग संक्रमित मिले हैं।
शहर में 79 और ग्रामीण 56 नए मरीज मिले
सीएमओ डॉ श्रीकांत तिवारी ने बताया कि मरीजों की संख्या लगातार घट रही है। जबकि जांच का दायरा बढ़ा है। यह काफी अच्छा है। संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की भी जांच लगातार की जा रही है। जिले में अब संक्रमितों का आंकड़ा 18047 पहुंच गया है। इनमें से 16333 लोग ठीक हो चुके हैं। मरने वालों की संख्या 297 है। कुल 1417 मरीजों का इलाज चल रहा है।
शहरी क्षेत्र में 79 नए मरीज मिले हैं। कैंट थाना क्षेत्र में सर्वाधिक 27 मरीज शामिल हैं। गोरखनाथ में 15, कोतवाली में नौ, रामगढ़ताल में चार, गुलरिहा, राजघाट, तिवारीपुर और चिलुआताल में दो-दो मरीज मिले हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 56 नए मरीज मिले हैं। इनमें बांसगांव, कैंपियरगंज, पाली, उरुवा, पिपरौली और ब्रह्मपुर में एक-एक मरीज, गगहा, खजनी, पिपराइच में दो-दो, चरगांवा में 13, जंगल कौड़िया में पांच, पिपराइच में तीन, कौड़ीराम में छह, गोला में पांच मरीज मिले हैं। इनके अलावा 10 मरीज अलग-अलग थाना क्षेत्रों के हैं।