उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में शुक्रवार की देर शाम बखिरा से बाजार करके घर लौट रहे एक युवक की बघुआ के पास हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कोहरे की वजह से बाइक सवार युवक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गया और बाइक सहित गड्ढे में गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। शनिवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में ले ली।
बखिरा क्षेत्र के रेरूआ गांव निवासी चंद्रकला ने बताया कि उसके 36 वर्षीय पति छेदी लाल शुक्रवार की शाम को बाइक से बखिरा बाजार गए थे। रात करीब नौ बजे पति बाइक से वापस घर लौट रहे थे।
पति अभी बघुआ गांव के पास पहुंचे ही थे। घना कोहरा होने की वजह से बघुआ गांव से पूर्व स्थित पुलिया से टकरा कर गड्ढे में गिर गए। लोगों की सूचना पर वह कुछ लोगों के साथ मौके पर गई, लेकिन तब तक पति छेदी लाल की मौत हो चुकी थी।
पीड़ित पत्नी शव देख कर बिलख पड़ी। बाद में घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
एसओ रोहित प्रसाद ने बताया कि जांच में पता चला कि छेदीलाल की हादसे में मौत हो गई। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। सीओ राम प्रकाश ने बताया कि पीड़ित पत्नी की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। युवक की मौत हादसे में हुई है।