गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के जगदीशपुर भलुवान बाजार के पास सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर 11:45 बजे ट्रक से कुचलकर युवक की मौत हो गई। सड़क पार करते समय हादसा हुआ है। हादसे के पास चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, गगहा थाना क्षेत्र के ग्राम कोठा के टिकुली बनारस निवासी जगत मौर्या का पुत्र प्रदुम्न (19) गांव में ही किसानी में पिता का सहयोग करता था। वह प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत मेडिकल के लिए दिए जाने वाले ट्रेनिंग का प्रशिक्षु था। सोमवार सुबह को वह हाईवे पार कर कौड़ीराम जा रहा था। इस दौरान गोरखपुर की तरफ से आ रहे ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। चालक कुछ दूर पर ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
इस दौरान एक ग्रामीण में ट्रक छोड़कर भागते हुए चालक की फोटो भी खींच ली है, जबकि उसे पकड़ने में असफल रहे। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। घायल हालत में ग्रामीणों ने युवक को पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कौड़ीराम ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
परिजनों ने बताया कि जिला अस्पताल जाते समय रास्ते में युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक जगत पांच भाइयों में सबसे छोटा था। प्रभारी निरीक्षक जयंत कुमार सिंह ने बताया कि मृतक जगत के बड़े भाई की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज जांच की जा रही है।