गोरखपुर जिले के बड़हलगंज के लालगंज का एक व्यक्ति दुबई से दिल्ली, फिर अपने गांव में आकर छिपा हुआ था। बृहस्पतिवार को इसकी भनक इंटेलिजेंस को लग गई। फिर टीम उसे खोजते हुए गोरखपुर आई।
कैंट पुलिस की मदद से जांच शुरू हुई तो पता चला कि वह बड़हलगंज के लालगंज गांव स्थित अपने घर में छिपा हुआ है। इसके बाद स्थानीय पुलिस की मदद से उसे सरकारी क्वारंटीन सेंटर भेजा गया। हालांकि वह 22 मार्च को ही गोरखपुर आ गया था।
जानकारी के मुताबिक, लालगंज निवासी एक व्यक्ति दुबई में ही रहकर कमाता था। दुबई से वह दिल्ली आया था। आशंका यह भी है कि वह निजामुद्दीन के मरकज में शामिल हुआ और फिर दिल्ली से गोरखपुर चला आया। मरकज वालों की खोजबीन में पुलिस के साथ ही खुफिया एजेंसियां भी लगी हुई हैं।
जांच के दौरान बृहस्पतिवार को उसके गोरखपुर में होने की जानकारी मिली। इसके बाद टीम सक्रिय हो गई और उसे घर से लाकर क्वारंटीन कराया गया। पुलिस अफसरों का कहना है कि दुबई से आने वाले व्यक्ति की जांच कराई जाएगी। यदि कोरोना टेस्ट पॉजिटिव मिला तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी होगी।