गोरखपुर शासन के निर्देश पर रैन बसेरों में रह रहे मुसाफिरों की कोरोना जांच शुरू हो गई है। सोमवार देर रात चार रैन बसेरों में टीम ने जांच की। मेडिकल कॉलेज के रैन बसेरा में एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया।
अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने रविवार को रैन बसेरों में रह रहे लोगों की सेहत व कोरोना संक्रमण की जांच का निर्देश दिया था। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने 10 टीमों का गठन किया। सोमवार देर रात चार रैन बसेरों मेडिकल कॉलेज, कचहरी बस स्टेशन, जटेपुर व बशारतपुर में ठहरे मुसाफिरों की सेहत व कोरोना की जांच की गई।
मेडिकल कॉलेज के रैन बसेरे में मिले पॉजिटिव व्यक्ति को तत्काल कोविड अस्पताल में भर्ती करा दिया गया। अन्य सभी मुसाफिरों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर टीम ने राहत की सांस ली। कुल 99 लोगों की एंटीजन जांच की गई। रीयल टाइम पॉलीमरेज चेन रिएक्शन (आरटीपीसीआर) जांच के लिए 87 लोगों के नमूने लिए गए हैं।
सीएमओ डॉ. श्रीकांत तिवारी ने कहा कि शासन के निर्देश पर जांच अभियान रोजाना रात को चलेगा, ताकि संक्रमितों की पहचान की जा सके। इससे कोरोना की रोकथाम में मदद मिलेगी।