घटनास्थल पर छानबीन करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला।
देवरिया जनपद स्थित बरहज थाना क्षेत्र के बेलडॉड गांव निवासी रामनाथ कन्नौजिया (60) पुत्र सुखराज की देईडीहा गांव के सामने बरहजिया ट्रेन की जद में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों की चीख-पुकार सुनकर हर किसी की आंखें भर आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह करीब साढ़े छह बजे देईडीहा गांव के समीप बरहजिया ट्रेन की जद में आने से बेलडॉड गांव निवासी रामनाथ कन्नौजिया की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर एसआई सुनील कुशवाहा और रमेश सिंह मौके पर पहुंच गए।
परिजनों का कहना है कि रामनाथ मुंबई में रहकर मजदूरी करता था। जो शुक्रवार को गांव आया था और दोपहर तीन बजे के करीब घर से निकला। उसका मोबाइल बंद था। वहीं मौत की जानकारी होने पर लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। वहीं घर में चीख-पुकार मच गई।
बताया जा रहा है कि रामनाथ की पत्नी कुसमावती की पूर्व में मौत हो चुकी है। तीन संतान जितेंद्र मुंबई में मजदूरी करता है, जबकि रोहित आईटीआई का छात्र और एक पुत्री खुशी है। ट्रेन की चपेट में आने से रामनाथ की मौत को लेकर लोगों में तरह-तरह की चर्चा है। इंस्पेक्टर टीजे सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रामनाथ के ट्रेन के आगे कूदने की बात सामने आ रही है।