उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के मुंडेरवा थानाक्षेत्र के बटेला गांव से तीन दिन पहले लापता हुए युवक का शव गुरुवार सुबह नहर के किनारे मिलने के बाद सनसनी फैल गई। सुबह खेत के तरफ जा रहे कुछ लोगों ने नहर के किनारे शव देखकर शोर मचाया तो गांववालों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंचे खझौला चौकी इंचार्ज योगेश कुमार सिंह ने नहर में से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अग्रिम कार्रवाई में जुट गए।
बता दें कि शव की पहचान 28 वर्षीय पवन मौर्या पुत्र रामसूरत मौर्या निवासी बटेला थाना मुंडेरवा के रूप में हुई। घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के भाई ने बताया कि मंगलवार सुबह वह खेत मे धान की नर्सरी उखाड़ने गया था। शाम तक घर वापस न लौटने पर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
बहुत ढूंढने के बााद भी उसका पता नहीं चला तो इसकी जानकारी मुंडेरवा पुलिस को फोटो सहित दी गई थी। बटेला ग्राम प्रधान चन्द्र प्रकाश चौधरी ने बताया कि पवन की दिमागी हालत ठीक नहीं थी। एक बहन, तीन भाइयों में वह सबसे छोटे था।