बस्ती जिले में मतदाता सूची में गड़बड़ी पंचायत चुनाव के उम्मीदवारों और वोटरों के लिए मुश्किलें खड़ी करने लगी है। बनकटी विकास खंड के गुलौरा का एक मामला अधिकारियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। दरअसल, नई मतदाता सूची में यहां से प्रधान पद की दावेदार के नाम के आगे मृत लिखा गया है, जबकि वह जिंदा हैं और अपना नामांकन दाखिल कर चुकी हैं। जानकारी होने के बाद वह खुद को जिंदा साबित करने के लिए अधिकारियों के यहां चक्कर काट रही हैं।
विकास खंड के गुलौरा निवासी कौशल्या देवी पुरानी मतदाता सूची में जिंदा हैं, जबकि हाल में तैयार परिवर्धित मतदाता सूची में उनके नाम के आगे मृत्यु अंकित है। उन्होंने पुरानी मतदाता सूची और जिंदा होने के अन्य दस्तावेज दिखाकर पर्चा दाखिल किया है।
नामांकन पत्रों की जांच के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो इसके लिए कौशल्या ने एसडीएम से मिलकर शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, बनकटी विकास खंड के घुघसा ग्राम पंचायत के सौ से अधिक लोगों के नाम मतदाता सूची से गायब हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि ब्लॉक मुख्यालय पर तीन बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। वहीं, सहायक विकास अधिकारी पंचायत गिरजेश श्रीवास्तव ने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों में वोटर लिस्ट के संबंध में शिकायत मिली थी, उसे तहसील पर दिया गया था।
एसडीएम आशा राम वर्मा ने बताया की तमाम लोग पुरानी मतदाता सूची देखकर शिकायत कर दे रहे हैं। नई मतदाता सूची में उनके ठीक होेने की पूरी संभावना है। फिर भी कहीं कोई गड़बड़ी है तो उसे ठीक कराया जाएगा।
दूसरे ग्राम पंचायत में नाम जोड़ने का आरोप
सदर विकास खंड के हथिरजा ग्राम पंचायत में मतदाता सूची से करीब 100 लोगों का नाम कटवाकर दूसरी ग्राम पंचायत में जोड़ देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांव के जहीर अहमद, नबीउल्लाह खां ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पत्र में कहा गया कि नाम कटने की जानकारी 17 अप्रैल को नामांकन के बाद हुई।