राजघाट इलाके के साहबगंज किराना मंडी स्थित थोक पान मसाले की दुकान का शटर तोड़ कर चोरी हो गई। दुकान मालिक विष्णु मोदनवाल के अनुसार दुकान से दो लाख के सिगरेट चोरी हुए हैं। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
सीसीटीवी फुटेज में एक युवक बाहर खड़ा है और दो युवक अंदर घुसकर पहले कैश बाक्स तलाशते हैं और फिर सामान समेटते नजर आ रहे हैं। दुकान मालिक ने बताया कि चोर स्विफ्ट कार से आए थे। अब पुलिस फुटेज और कार के नंबर के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है।
साहबगंज निवासी विष्णु मोदनवाल ने दो महीने पहले किराना मंडी में सिगरेट और पान मसाले की थोक दुकान खोली थी। सोमवार की रात नौ बजे वह दुकान बंद कर घर चले गए। मंगलवार की सुबह छह बजे मंडी स्थित बगल की दुकान पर चीनी लेकर एक गाड़ी आई। उन लोगों ने देखा की पान मसाले की दुकान का शटर टूटा था। इसके बाद पड़ोसी दुकानदार ने विष्णु मोदनवाल को फोन कर सूचना दी, फिर विष्णु ने पुलिस को सूचना दी। विष्णु ने बताया कि वे रात में कैश लेकर घर आ गए थे।
रात्रि प्रहरी का असर नहीं
चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की एक विशेष टीम रात्रि प्रहरी बनी हुई है। जो रात के समय में गश्त करती है और संदिग्ध लोगों की जांच करती है। बावजूद इसके शहर के प्रमुख मंडी में शटर तोड़ कर चोरी होने से रात्रि प्रहरी पर सवाल उठने लगा है। व्यापारियों का कहना है कि रात्रि प्रहरी बेअसर लग रहे हैं। चोरों के खौफ से व्यापारियों में दहशत है।