गोरखपुर शहर में गोरखनाथ इलाके के नकहा ओवरब्रिज पर लकड़ी व्यापारी की जीप के बोनट पर बैठकर स्टंट करने के आरोपी को शुक्रवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।
हल्का दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाने और मानव जीवन को खतरे में डालने की धारा में केस दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से जमानत पर रिहा हो गया।
आरोपी की पहचान लेबर तिराहा निवासी श्याम साहनी के रूप में हुई। श्याम लकड़ी का व्यापार करता है। जानकारी के मुताबिक, इंस्टाग्राम पर नकहा ओवरब्रिज पर थार जीप की बोनट पर बैठकर स्टंट कर रहे लकड़ी व्यापारी का वीडियो वायरल हो रहा था।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि व्यापारी बोनट पर बैठा है। थार की अगली सीट पर बैठा उसका साथी पीछे से वीडियो बना रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि चलती जीप के बोनट पर लेटने के बाद व्यापारी बैठ जाता है और अपनी खुशी जाहिर करता है। प्रभारी निरीक्षक गोरखनाथ दुर्गेश सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी पर कार्रवाई की गई है।