उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के गोरखनाथ इलाके के एक दुकानदार और उसकी पत्नी पर साली की दोस्त की आपत्तिजनक फोटो बनाने और उसे वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ केस दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि उधार के रुपये लौटना ना पड़े, इसके लिए पत्नी की मदद से आरोपी ने साली की दोस्त की आपत्तिजनक फोटो बना ली। आरोपी उसे वायरल करने की धमकी दे रहे थे। पकड़े गए आरोपी की पहचान गोरखनाथ इलाके के राजेंद्रनगर निवासी प्रशांत श्रीवास्तव उर्फ रज्जू के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सिविल लाइंस क्षेत्र की रहने वाली महिला ने कैंट पुलिस को दी तहरीर में लिखा है कि उनकी बेटी की दोस्ती गोरखनाथ, राजेंद्र नगर निवासी प्रशांत श्रीवास्तव उर्फ रज्जू की साली से है। जान पहचान होने पर प्रशांत अपनी पत्नी के साथ उनके घर आने-जाने लगा।
प्रशांत ने पत्नी की नौकरी के लिए साली की दोस्त तीन लाख रुपये उधार लिए थे। बाद में रुपये वापस मांगने पर प्रशांत आनाकानी करने लगा। दबाव बनाने पर उसकी आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा। पता चला कि घर आने-जाने के दौरान अपनी पत्नी की मदद से उसने बेटी की आपत्तिजनक फोटो बना ली है।
इंस्पेक्टर कैंट मनोज राय ने बताया कि आरोपी की बेतियाहाता में दुकान है। तहरीर के आधार पर जालसाजी व कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के आरोप में केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया गया है।