‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत संचालित साइबर सेल व श्यामदेउरवां थाने की पुलिस ने फेसबुक पर दूसरे के नाम से आईडी बनाकर अभद्र टिप्पणी करने, अश्लील फोटो व मैसेज भेजने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। उसे जेल भेल दिया गया।
एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि ‘मिशन शक्ति’ के तहत नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन अभियान के तहत व साइबर अपराधों पर रोकथाम के लिए जिले में अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के क्रम में साइबर सेल और श्यामदेउरवां पुलिस की संयुक्त टीम की ओर से फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर अभद्र टिप्पणी करने, अश्लील फोटो व मैसेज भेजने वाले आरोपित जावेद निवासी ग्राम छातीराम पोस्ट परतावल बाजार को शुक्रवार को परतावल बाजार से गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि आरोपी ने मोबाइल फोन पर फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाकर अभद्र टिप्पणी की थी और अश्लील फोटो पोस्ट कर एक युवती को अपमानित किया था। मोबाइल नंबर पर कॉल कर, मैसेज भेज कर गालियां भी दी थी।
आरोपी के नंबर पर कॉल करने पर जवाब नहीं मिल रहा था। थाने पर मुकदमा दर्ज कर 24 घंटे के अंदर उसको गिरफ्तार कर लिया गया।